छत्तीसगढ़ में इन्फ्लुएंजा H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 344 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 122 मरीज फिलहाल एक्टिव हैं और उनका उपचार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार संक्रमण का दायरा अब प्रदेश के 24 जिलों तक पहुंच चुका है। राजधानी रायपुर में स्थिति सबसे ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है। यहां अब तक 146 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं दुर्ग और बिलासपुर में भी संक्रमण के मामले बड़ी संख्या में दर्ज किए गए हैं। दोनों जिलों में 41-41 मरीज सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निगरानी और सतर्कता बढ़ाई जा रही है। लोगों को फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा जरूरत पड़ने पर समय रहते चिकित्सकीय जांच और उपचार कराने की सलाह दी जा रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेना बेहतर है। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का सेवन करने से बचना चाहिए।
रायपुर पर विशेष नजर
राजधानी में संक्रमितों की संख्या प्रदेश में सबसे अधिक होने के कारण रायपुर पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष निगरानी बनी हुई है। बढ़ते मामलों के बीच लोगों से व्यक्तिगत सावधानी बरतने और संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने की अपील की जा रही है।









