ग्राम सभा सत्यापन के बाद बैकुंठपुर के 1139 और सोनहत के 270 परिवारों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड
कोरिया/ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2024 के तहत सिस्टम जनरेटेड ड्राफ्ट प्रतीक्षा सूची का ग्राम पंचायतों में आयोजित ग्राम सभाओं के माध्यम से सत्यापन किया गया। सत्यापन के उपरांत चिन्हांकित अपात्र परिवारों की जानकारी संबंधित जनपद पंचायत स्तर से आवास पोर्टल पर अपलोड की गई है।
जिले में अपलोड की गई जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत बैकुंठपुर के 1,139 तथा जनपद पंचायत सोनहत के 270, कुल 1,409 परिवारों को प्रस्तावित अपात्र परिवारों के रूप में चिन्हांकित किया गया है। इन परिवारों की अपात्रता संबंधी अनुमोदन की कार्यवाही जिला पंचायत स्तर पर गठित अपीलीय समिति के माध्यम से की जानी है।
’25 सितंबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं’
प्रशासन द्वारा पारदर्शिता की दृष्टि से प्रस्तावित अपात्र परिवारों की सूची कोरिया जिले की वेबसाइट तथा जिला पंचायत कोरिया के सूचना पटल पर अपलोड/चस्पा की गई है। सूची के संबंध में किसी व्यक्ति को कोई दावा अथवा आपत्ति हो, तो वह संबंधित दस्तावेजों के साथ 25 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरिया के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।
निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाले दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
जिला पंचायत द्वारा पात्रता एवं अपात्रता से संबंधित प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सूची सार्वजनिक की गई है, ताकि किसी भी व्यक्ति को सूची में शामिल परिवारों के संबंध में तथ्यात्मक आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत करने का अवसर मिल सके।









