रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट है। लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, CG SEJES संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा 2026 की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी इसे स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से देख सकेंगे। वहीं, उत्तर कुंजी में किसी जवाब को लेकर असहमति होने पर 8 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा।
इस भर्ती के तहत विभिन्न 26 विषयों के कुल 1,812 संविदा पदों पर नियुक्ति की जानी है। इसके लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) का आयोजन 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक अलग-अलग पालियों में किया गया। परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28,535 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस तरह कुल उपस्थिति 82.46 प्रतिशत रही।
5 नवंबर को यहां मिलेगी रिस्पॉन्स शीट
लोक शिक्षण संचालनालय के मुताबिक, 4 नवंबर को अंतिम परीक्षा पाली दोपहर 2:30 बजे समाप्त होने के बाद सभी विषयों की रिस्पॉन्स शीट 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध करा दी जाएगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी लॉगिन आईडी से परीक्षा में दिए गए उत्तरों और उपलब्ध उत्तर कुंजी का मिलान कर सकेंगे।
सही जवाब पर एक अंक, गलत उत्तर पर 0.25 अंक की कटौती
परीक्षा में सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित किया गया है, जबकि गलत जवाब देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। जिन प्रश्नों का उत्तर अभ्यर्थियों ने नहीं दिया है, उनके लिए कोई अंक नहीं मिलेगा और न ही कटौती होगी। इस आधार पर अभ्यर्थी अपनी रिस्पॉन्स शीट देखकर संभावित प्राप्तांकों का आकलन कर सकते हैं।
8 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन दावा-आपत्ति
यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी जवाब पर आपत्ति है, तो वह 5 नवंबर दोपहर 12 बजे से 8 नवंबर 2026 दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके लिए प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क देना होगा।
विभाग के अनुसार, जांच में यदि अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाई जाती है, तो संबंधित प्रश्न के लिए जमा किया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा। वहीं, आपत्ति गलत पाए जाने पर शुल्क वापस नहीं होगा। रिस्पॉन्स शीट और आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी अभ्यर्थियों को ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
समय सीमा का रखें ध्यान
लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी का ध्यानपूर्वक मिलान करें। किसी प्रश्न के उत्तर पर संदेह होने पर निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आपत्ति जरूर दर्ज करें। प्राप्त आपत्तियों का निराकरण होने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों के अंकों में आवश्यक सुधार किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।








