बस्तर में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 99 की सेवा अवधि बाधित घोषित, 17 निलंबित

बस्तर में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जिला प्रशासन की कार्रवाई

रायपुर छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। राज्य शासन के निर्देशों के तहत 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक-इन-सर्विस (सेवा में व्यवधान) घोषित किया गया है। वहीं, 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं। 13 अक्टूबर से शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल में कुल 136 पटवारी शामिल हुए थे, जबकि 44 कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।

अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे के मुताबिक, हड़ताल में शामिल सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटे। इसके बाद प्रशासन ने सेवा संबंधी कार्रवाई करते हुए 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक-इन-सर्विस घोषित किया और 17 कर्मचारियों को निलंबित किया।

जगदलपुर और बस्तर तहसील में सबसे ज्यादा असर

तहसीलवार स्थिति देखें तो जगदलपुर और बस्तर में हड़ताल का व्यापक प्रभाव सामने आया है। जगदलपुर तहसील में कुल 26 पटवारियों में से 25 हड़ताल में शामिल थे। इनमें 23 के खिलाफ ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई की गई, जबकि दो को निलंबित किया गया। यहां केवल एक पटवारी कार्यरत रहा।

बस्तर तहसील में सभी 16 पदस्थ पटवारी हड़ताल पर चले गए थे। प्रशासन ने यहां 16 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक-इन-सर्विस घोषित किया। भानपुरी तहसील में 21 में से 14 पटवारी आंदोलन में शामिल हुए, जिनमें 14 के खिलाफ ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई की गई। यहां सात पटवारी काम पर बने रहे।

बकावण्ड तहसील में भी 21 में से 14 पटवारी हड़ताल पर थे। इनमें 13 की सेवा अवधि को ब्रेक-इन-सर्विस घोषित किया गया।

अन्य तहसीलों में भी हुई कार्रवाई

लोहण्डीगुड़ा तहसील में 22 में से 11 पटवारी हड़ताल में शामिल हुए। इन सभी 11 के खिलाफ ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई की गई। करपावण्ड में 12 पदस्थ पटवारियों में से 10 आंदोलन में शामिल थे और सभी 10 की हड़ताल अवधि को सेवा में व्यवधान माना गया।

नानगुर तहसील में 10 में से आठ पटवारी हड़ताल पर थे। इनमें सात के खिलाफ ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई हुई। तोकापाल में 18 में से 16 पटवारी आंदोलन में शामिल हुए, जबकि बास्तानार में 16 में से नौ पटवारी हड़ताल पर रहे। दरभा तहसील में भी 18 में से 13 पटवारी अनिश्चितकालीन आंदोलन में शामिल थे।

प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में पटवारी हड़ताल का मामला अब अनुशासनात्मक स्तर पर पहुंच गया है। जिला स्तर पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि ब्रेक-इन-सर्विस के दायरे में आई है, जबकि 17 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।

The Rashtra Darpan
Author: The Rashtra Darpan

द राष्ट्र दर्पण

Leave a Comment