कोरिया। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ और ‘सरकार आपके द्वार’ पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में सोनहत विकासखंड की ग्राम पंचायत रामगढ़ में 5 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है। शिविर में नागरिक अपनी आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं से संबंधित आवेदन, दस्तावेज और समस्याएं लेकर पहुंच सकेंगे। प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की मिलेगी जानकारी
सेवा सेतु शिविर में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।
पेंशन और राजस्व संबंधी सेवाओं का भी होगा निराकरण
शिविर में छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित सहायता भी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें पेंशन योजना, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना, जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही नागरिकों को बी-1, नक्शा, खसरा विवरण और ऋण पुस्तिका वितरण सहित विभिन्न राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ भी शिविर के माध्यम से मिल सकेगा।
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध
शिविर में मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री ज्ञान प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजातीय विद्यार्थी उत्कर्ष योजना, मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित सेवाएं और समाधान उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।
निर्माण श्रमिकों से संबंधित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना से जुड़ी सेवाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिविर के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करते हुए उनके निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता को कम करना तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।









