एमसीबी// मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना के अंतर्गत जिले में 4 बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बस सेवाओं से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम, सुरक्षित और किफायती आवागमन की सुविधा मिल रही है।
जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों पर इन बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें चंवारीडांड से बैकुंठपुर, कचोहर से मनेन्द्रगढ़ , जनकपुर से बड़वाही तथा जनकपुर से मलकडोल जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं। नियमित बस सेवा उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब आवागमन के लिए निजी वाहनों अथवा महंगे परिवहन साधनों पर निर्भरता कम हुई है 4 बसों के संचालन से आवागमन हुआ आसान, समय और पैसे दोनों की हो रही बचत।
विद्यार्थियों, किसानों और श्रमिकों को विशेष लाभ
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का सबसे अधिक लाभ विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को मिल रहा है। विद्यार्थी कम खर्च में स्कूल एवं कॉलेज तक पहुंच पा रहे हैं। किसानों के लिए बाजार तक पहुंच आसान हुई है, वहीं श्रमिकों को रोजगार के स्थान तक आने-जाने में सुविधा मिल रही है। छोटे व्यापारियों के लिए भी आवागमन सुगम होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों के समय और परिवहन खर्च दोनों में बचत हो रही है। नियमित और किफायती परिवहन सुविधा मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की दैनिक दिनचर्या भी अधिक सुविधाजनक हुई है।

स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच हुई आसान
ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा बेहतर होने का सीधा लाभ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिल रहा है। मरीजों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना पहले की अपेक्षा आसान हुआ है। कम समय और कम खर्च में स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंच संभव होने से जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार प्राप्त करने में मदद मिल रही है।
ग्रामीण विकास को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति प्रदान कर रही है। बेहतर आवागमन से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के अवसरों तक ग्रामीणों की पहुंच बढ़ रही है।
एमसीबी जिले के दूरस्थ गांवों में संचालित ये बस सेवाएं ग्रामीणों के लिए सुविधा, राहत और आर्थिक बचत का माध्यम बन रही हैं। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से ग्रामीण अंचलों को बेहतर परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की पहल जिले के समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।









