भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल सोनहत की छात्रा थी मासूम, स्कूल जाते समय हुआ हादसा
सोनहत/कोरिया
सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर में स्कूल जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में पहली कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। मृतक बच्ची भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनहत में पहली कक्षा में अध्ययनरत थी। हादसा स्कूल जाने के दौरान हुआ और बच्ची स्कूल बस की चपेट में आ गई।
घटना के बाद बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खड़ी बच्ची स्कूल जाने के लिए बस का इंतज़ार कर रही थी बस को आता देख बच्ची बस में चढ़ने के लिए सड़क के दूसरी ओर जा रही थी तभी बस चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस की टक्कर से बच्ची हादसे का शिकार हो गई।
हालांकि दुर्घटना के कारण और बस चालक की जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही किया जा सकेगा।
ह्रदय विदारक घटना पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने गहरा दुःख व्यक्त किया
मासूम छात्रा की दर्दनाक मौत की खबर पर भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं।
पूर्व विधायक ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और न्याय दिलाने की दिशा में साथ खड़े रहने का भरोसा भी दिलाया।









