सोनहत/कोरिया। कोरिया जिले में बैकुंठपुर-सोनहत मार्ग पर शिवघाट स्थित शिव मंदिर के पास दो कारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि कारों में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, एक अल्टो कार में सवार लोग काटगोड़ी क्षेत्र से ड्यूटी पूरी कर बैकुंठपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने की दिशा से आ रही स्विफ्ट कार से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार के चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाने के कारण यह टक्कर हुई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार के दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए स्थिति चिंताजनक हो गई, लेकिन कारों में मौजूद लोगों को किसी तरह की गंभीर चोट या नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना सोनहत-बैकुंठपुर मार्ग पर शिवघाट में शिव मंदिर के समीप हुई। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सड़क पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली।









