एमसीबी। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों और परिवारों तक उपयोगी सामग्री पहुंचाना तथा समाज के सक्षम नागरिकों को सेवा एवं सहयोग की पहल से जोड़ना है।
जिला प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दान सामग्री के संग्रहण एवं वितरण के लिए वाहन को रवाना किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएगी उपयोगी सामग्री
अभियान के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई है कि उनके घरों में मौजूद उपयोग योग्य अतिरिक्त खिलौने, वस्त्र और अन्य आवश्यक सामग्री जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों के लिए दान करें। एकत्रित सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य केवल सामग्री उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के प्रति समाज में सहयोग, संवेदना और अपनत्व की भावना को मजबूत करना भी है। विशेष रूप से बच्चों तक खिलौने पहुंचाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने और परिवारों को उपयोगी वस्त्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

जनभागीदारी से अभियान को प्रभावी बनाने की अपील
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा और संवेदना की भावना से किया गया छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन द्वारा “हर बच्चे की मुस्कान, हर परिवार का सम्मान-सेवा का संकल्प” संदेश के साथ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के जरिए जरूरतमंद बच्चों और परिवारों तक सहयोग पहुंचाकर उन्हें सम्मान, अपनत्व और खुशियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।









