जन सहयोग से आकार लेगा श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर, जन्माष्टमी पर घंटेभर में जुटे 1 लाख रुपये

करीब 250 श्रद्धालु हुए शामिल; श्रद्धालुओं ने नगद और निर्माण सामग्री का सहयोग देने का लिया संकल्प

 

सनातन गौरव मंच ने शुरू किया मंदिर निर्माण अभियान, संयोजक मनोज साहू ने सोनहत वासियों का जताया आभार

 

सोनहत। मुख्यालय सोनहत में स्थापित श्री सोनेश्वर महादेव के मंदिर निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोगों ने अब जनसहयोग से पहल तेज कर दी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर निर्माण के लिए आयोजित सहयोग अभियान में करीब 250 लोगों की मौजूदगी में महज एक घंटे के भीतर एक लाख रुपये की नगद राशि एकत्रित हुई। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी ली है।

सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू और मंदिर निर्माण समिति की पहल पर शुरू हुए अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। मंच का दावा है कि मंदिर निर्माण के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ रहा है और जनसहयोग के आधार पर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

शिवलिंग स्थापना के बाद रखा गया था श्री सोनेश्वर महादेव नाम

 

सोनहत में करीब एक वर्ष पूर्व विधि-विधान से शिवलिंग की स्थापना की गई थी। पूजा-पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का नामकरण श्री सोनेश्वर महादेव किया गया था।

 

इस धार्मिक आयोजन में जनपद अध्यक्ष आशा सोनपाकर, जिला पंचायत सदस्य सीता कुमारी सोनपाकर, क्षेत्र के वरिष्ठजन ईश्वर राजवाड़े, भालक राजवाड़े, वीर राम राजवाड़े सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसके बाद मंदिर निर्माण की दिशा में शिला पूजन भी किया गया।

 

शिला पूजन के बाद सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू और मंदिर निर्माण के लिए गठित समिति ने स्थानीय लोगों के सहयोग से निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू की। इसके लिए क्षेत्र में आर्थिक सहयोग के साथ निर्माण सामग्री जुटाने का अभियान चलाया जा रहा है।

 

जन्माष्टमी पर दिखा उत्साह, एक घंटे में एक लाख का सहयोग

 

मंदिर निर्माण अभियान को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बड़ी गति मिली। आयोजन में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच मंदिर निर्माण के लिए सहयोग का आह्वान किया गया तो लोगों ने स्वेच्छा से राशि देना शुरू कर दिया। आयोजकों के मुताबिक लगभग एक घंटे में ही नगद सहयोग का आंकड़ा एक लाख रुपये तक पहुंच गया।

इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने सीमेंट, रेत, गिट्टी, ईंट सहित अन्य आवश्यक निर्माण सामग्री की व्यवस्था में सहयोग करने की बात कही। कुछ लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान श्रम और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

 

आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि करीब एक वर्ष के इंतजार के बाद मंदिर निर्माण को लेकर क्षेत्र में एक बार फिर उत्साह का माहौल बना है। अब निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी है।

 

विधायक से भी मांगा गया था सहयोग

 

शिवलिंग स्थापना के दौरान मंदिर निर्माण के लिए स्थानीय विधायक से भी सहयोग की अपेक्षा की गई थी। शिवलिंग स्थापना के कार्यक्रम में विधायक को आमंत्रित भी किया गया था। सनातन गौरव मंच का कहना है कि करीब एक वर्ष बीतने के बाद भी मंदिर निर्माण की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण मंच और स्थानीय श्रद्धालुओं ने जनसहयोग से निर्माण को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।

 

इसके बाद मनोज साहू की मौजूदगी में विधिवत शिला पूजन कर मंदिर निर्माण का संकल्प लिया गया। मंदिर निर्माण समिति गठित कर राशि और सामग्री संग्रह का अभियान शुरू किया गया है।

 

हालांकि मंच ने यह भी स्पष्ट किया है कि मंदिर निर्माण को किसी राजनीतिक विरोध या समर्थन से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। मंदिर क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा है और निर्माण में सभी वर्गों से सहयोग का स्वागत किया जाएगा।

 

‘मंदिर राजनीति का नहीं, आस्था का केंद्र’

 

सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू ने कहा कि श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं किया जा रहा है।

“यह मंदिर किसी राजनीति का केंद्र नहीं, बल्कि सोनहत क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का केंद्र है। एक वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद अब केवल घोषणा और आश्वासन के भरोसे नहीं रहा जा सकता। सनातन गौरव मंच ने शिवलिंग स्थापना से लेकर मंदिर निर्माण तक श्रद्धालुओं के सामने जो संकल्प लिया है, उसे जनसहयोग से पूरा किया जाएगा।”

 

साहू ने कहा कि मंदिर किसी व्यक्ति या संगठन की निजी संपत्ति नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की धार्मिक आस्था से जुड़ा स्थान होगा। इसलिए निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार योगदान कर सकता है।

 

सोनहतवासियों का जताया आभार

 

जन्माष्टमी पर मिले सहयोग को लेकर मनोज साहू ने सोनहत क्षेत्र के लोगों और महादेव भक्तों का आभार जताया और कहा कि महज एक घंटे में एक लाख रुपये का सहयोग मिलना इस बात का संकेत है कि स्थानीय लोग मंदिर निर्माण को लेकर गंभीर हैं।

नगद राशि देने वाले श्रद्धालुओं के साथ निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा करने वाले लोगों का भी आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य लोगों से भी संपर्क कर सहयोग जुटाया जाएगा।

जनभागीदारी से मंदिर को भव्य स्वरूप देने की तैयारी

 

मंदिर निर्माण समिति और सनातन गौरव मंच ने श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर को जनभागीदारी के आधार पर भव्य स्वरूप देने का लक्ष्य रखा है। समिति के मुताबिक निर्माण में मिलने वाली राशि और सामग्री का उपयोग चरणबद्ध तरीके से मंदिर निर्माण में किया जाएगा।

 

जन्माष्टमी के दिन मिले जनसमर्थन के बाद मंदिर निर्माण अभियान से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ा है। अब समिति की कोशिश अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को अभियान से जोड़ने और निर्माण कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने की है।

The Rashtra Darpan
Author: The Rashtra Darpan

द राष्ट्र दर्पण

Leave a Comment