केशगवां पंचायत में करीब 18.63 लाख रुपये के कथित फर्जी आहरण की शिकायत, पूर्व सचिव पर जांच और राशि वसूली की मांग

ग्राम पंचायत केशगवां में कथित फर्जी आहरण की शिकायत

केशगवां। ग्राम पंचायत केशगवां के सरपंच एवं समस्त पंचों की ओर से पंचायत में विभिन्न निर्माण कार्यों और अन्य मदों के नाम पर राशि के कथित फर्जी आहरण एवं दुरुपयोग को लेकर शिकायत की गई है। शिकायत में ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी तथा तत्कालीन सरपंच मानमती सिंह के कार्यकाल से जुड़े कई भुगतानों और आहरणों की जांच कराने की मांग की गई है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि प्रिया साप्ट कराने के नाम पर सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी द्वारा सरपंच का डीएससी कथित रूप से धोखे से लेकर बिना सहमति करीब 3 लाख रुपये का आहरण किया गया। इस मामले में सरपंच द्वारा कलेक्टर कोरिया से शिकायत किए जाने और शिकायत में फर्जी आहरण प्रमाणित पाए जाने का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पंचायत की राशि की रिकवरी किए बिना सचिव को पुनः बहाल कर दिया गया।

15वें वित्त की राशि में अनियमितता का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले कार्यकाल में सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी एवं सरपंच मानमती द्वारा 15वें वित्त की राशि से विभिन्न निर्माण कार्यों के नाम पर राशि का आहरण किया गया, जबकि कई कार्य धरातल पर नहीं कराए गए।

शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत केशगवां में 10 नग ढोड़ी निर्माण के नाम पर करीब 4 लाख 20 हजार रुपये के फर्जी बिल लगाकर राशि आहरण किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार पंचायत में कोई नवीन ढोड़ी निर्माण नहीं कराया गया, जिसे जांच का विषय बताया गया है।

ग्राम पंचायत केशगवां में शिकायत से संबंधित दस्तावेज
केशगवां पंचायत शिकायत दस्तावेज

 

इसी तरह 6 नग चबूतरा निर्माण के नाम पर करीब 2 लाख 30 हजार रुपये के बिल के माध्यम से राशि आहरण किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि मौके पर केवल एक चबूतरा कराया गया है, जिसकी लागत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

फर्नीचर और शेड निर्माण को लेकर भी शिकायत

ग्राम पंचायत भवन में फर्नीचर के नाम पर 1 लाख 16 हजार रुपये के कथित फर्जी आहरण का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि पंचायत भवन में पहले से 1 टेबल और 4 कुर्सियां उपलब्ध हैं। इस भुगतान को भी जांच का विषय बताया गया है।

वहीं, सामुदायिक भवन के सामने शेड निर्माण के नाम पर 1 लाख रुपये आहरण किए जाने की शिकायत है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार उक्त शेड निर्माण विधायक मद से स्वीकृत था। इस मामले में भी जांच की मांग की गई है।

रनिंग वाटर कार्य में 5.76 लाख रुपये के भुगतान पर सवाल

शिकायत में ग्राम पंचायत के विभिन्न भवनों में पेयजल रनिंग वाटर कार्य के नाम पर 5,76,860 रुपये आहरण किए जाने का उल्लेख है। साथ ही करीब 4 लाख 30 हजार रुपये का भुगतान शेष होने की बात कही गई है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि रनिंग वाटर कार्य में इतनी राशि खर्च नहीं हुई है। इसलिए पूरे रनिंग वाटर कार्यों का पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की गई है, ताकि वास्तविक व्यय और भुगतान की स्थिति स्पष्ट हो सके।

ग्राम पंचायत केशगवां से संबंधित शिकायत पत्र
केशगवां पंचायत शिकायत पत्र

सड़क जीर्णोद्धार के नाम पर भुगतान का आरोप

शिकायत में जामपारा चौराहा से शालीकराम के घर तक सड़क जीर्णोद्धार के नाम पर 49 हजार 541 रुपये तथा मुरूम आहरण का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार धरातल पर उक्त कार्य नहीं हुआ है। इसी क्रम में 72 हजार रुपये के फर्जी बिल लगाए जाने का भी आरोप शिकायत में दर्ज है। मामले को जांच का विषय बताया गया है।

बैंक खाते की राशि और प्रभार को लेकर भी सवाल

शिकायत में कहा गया है कि ग्राम पंचायत केशगवां के 15वें वित्त के बैंक खाते में 2 लाख 56 हजार 948 रुपये बचत राशि होने की जानकारी देते हुए प्रभार सौंपा गया था। लेकिन बैंक पासबुक में एंट्री कराने पर खाते में केवल 1 लाख 17 हजार रुपये शेष पाए जाने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ताओं ने इसे गंभीर विषय बताते हुए इसकी जांच कराने की मांग की है।

करीब 18.63 लाख रुपये के कथित आहरण की जांच की मांग

शिकायत में ग्राम पंचायत केशगवां के पूर्व सचिव श्यामलाल सूर्यवंशी द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों के नाम पर कुल 18,63,541 रुपये की राशि के कथित फर्जी आहरण एवं गमन का आरोप लगाया गया है।

साथ ही शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूर्व सचिव द्वारा प्रभार में करीब 7 लाख रुपये की 15वें वित्त की राशि का भुगतान शेष बताया गया है। शिकायतकर्ताओं ने इस राशि के भुगतान से पहले पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

सरपंच एवं समस्त पंचों ने शिकायत में पंचायत में 15वें वित्त की राशि से संबंधित सभी भुगतान, निर्माण कार्यों, रनिंग वाटर कार्य, बैंक खाते और पूर्व में दिए गए प्रभार की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कथित रूप से दुरुपयोग की गई शासकीय राशि की वसूली तथा जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

सरकार आपके द्वार के तहत सोनहत विकासखंड के रामगढ़ में सेवा सेतु शिविर का आयोजन

The Rashtra Darpan
Author: The Rashtra Darpan

द राष्ट्र दर्पण

Leave a Comment