कोरिया। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 7 अक्टूबर, गुरुवार को रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान रोजगार दिवस, आवास दिवस और चावल उत्सव से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन को लेकर कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास ने बताया कि रोजगार सह आवास दिवस के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। रोजगार दिवस के माध्यम से तकनीकी संसाधनों से आम लोगों के जुड़ाव को बढ़ाने तथा श्रमिकों को लाभकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
स्वप्रकटीकरण क्यूआर कोड के प्रति ग्रामीणों को किया जाएगा जागरूक
जिले की सभी 162 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए तकनीकी माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।
ग्राम पंचायतों में लगाए गए स्वप्रकटीकरण क्यूआर कोड को अधिक से अधिक ग्रामीणों द्वारा स्कैन करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध जानकारी के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।

विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान को बेहतर बनाने पर चर्चा
रोजगार दिवस के अवसर पर विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने से संबंधित गतिविधियां भी की जाएंगी। ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान को अधिक प्रभावी एवं विस्तृत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव लिए जाएंगे।
इसके अलावा श्रमिकों की मांग के अनुसार स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। कार्यों की शुरुआत में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर रहेगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों की होगी समीक्षा
रोजगार सह आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण की प्रगति का भी आकलन किया जाएगा। अनुकूल मौसम का लाभ उठाते हुए अधूरे आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
निर्माण कार्यों में सामने आ रही समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना, जनमन आवास योजना और विशेष परियोजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार एवं आवास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करने और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को गति देना है।
सोनहत के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से एक घंटे तक हुई अहम चर्चा









