सात दिन में संवरा कोटाडोल पुलिया, आवागमन बहाल-लोडेड ट्रकों पर रोक

एक समय में एक चार पहिया वाहन गुजरने की अनुमति

कोटाडोल पुलिया खुली,लेकिन प्रतिबंध जारी:एक समय में एक चारपहिया वाहन ही गुजर सकेगा

 

सात दिन में पूरी हुई अस्थायी मरम्मत, सुरक्षा के मद्देनजर लोडेड ट्रकों का आवागमन रहेगा पूरी तरह प्रतिबंधित

 

एमसीबी/ कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के निर्देशानुसार भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त कोटाडोल पुलिया को अस्थायी मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद आज सोमवार से आवागमन के लिए खोल दिया गया है। यह पुलिया कोटाडोल से खिरकी के मध्य मुख्य मार्ग पर स्थित है और इसके खुलने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।

भारी वर्षा के कारण पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सात दिवस के भीतर अस्थायी मरम्मत कार्य पूर्ण किया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुलिया से वाहनों का आवागमन पुनः प्रारंभ कर दिया गया है।

हालांकि,पुलिया की सुरक्षा एवं संरचनात्मक स्थिति को ध्यान में रखते हुए फिलहाल आवागमन पर दो महत्वपूर्ण प्रतिबंध लागू रहेंगे। एक समय में पुलिया से केवल एक चारपहिया वाहन को ही गुजरने की अनुमति होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार के लोडेड ट्रक का पुलिया से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

 

प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन करने तथा पुलिया से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वाहन चालकों से यह भी कहा गया है कि वे जल्दबाजी न करें और पुलिया पर निर्धारित नियमों के अनुसार ही आवागमन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त पुलिया की स्थिति को देखते हुए अस्थायी मरम्मत के माध्यम से आवागमन बहाल किया गया है। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रतिबंधों के साथ यातायात संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

The Rashtra Darpan
Author: The Rashtra Darpan

द राष्ट्र दर्पण

Leave a Comment